मांसपेशियों की कमजोरी को दूर करने के आसान उपाय

मांसपेशियों की कमजोरी बहुत आम है। उदाहरण के लिए, अधिक गति वाले वर्कआउट के बाद आपकी मांसपेशियां कमजोर हो जाती हैं, लेकिन कुछ देर आराम करने के बाद वो फिर से ठीक भी हो जाती हैं। हालांकि, अगर आप लगातार मांसपेशियों की कमजोरी से ग्रस्त हैं तो यह किसी समस्या का संकेत हो सकता है। मांसपेशियों में कमजोरी के कारण आपको कई और अन्य लक्षण भी देखने को मिल सकते हैं जैसे शरीर के किसी-किसी क्षेत्र में जलन महसूस होना, अचानक से गिर जाना, मांसपेशियों में दर्द होना, मांसपेशियों में ऐंठन होना आदि।

अगर आपको बिना किसी कारण के मांसपेशियों में कमजोरी की समस्या है तो जल्द से जल्द अपने डॉक्टर को जरूर दिखाएं। जितना जल्दी कारण पता चलेगा उतनी जल्दी आप बीमारी का इलाज कर पाएंगे। इस बीच, आप मांसपेशियों की कमजोरी को दूर करने के लिए कुछ घरेलू उपाय की मदद भी ले सकते हैं। इस लेख में हम आपको मांसपेशियों की कमजोरी के उपाय बता रहे हैं जो कि आपके लिए काफी लाभदायक साबित होंगे।

मांसपेशियों में कमजोरी के लिए चलना बहुत ही बेहतरीन व्यायाम है। चलना, स्विमिंग, दौड़ना या जॉगिंग आधे घंटे तक करने से कमजोर मांसपेशियों को मजबूती मिलती है। कम से कम हफ्ते में पांच दिन तक एक्सरसाइज जरूर करें। अगर आपको चलने में दिक्कत होती है, तो आप किसी चीज का सहारा लेकर व्यायाम कर सकते हैं या फिर अपने डॉक्टर से सलाह लेकर व्यायाम करें। व्यायाम के अलावा आप योग भी कर सकते हैं, जिससे पूरे दिन आपकी ऊर्जा बरकरार रहे।

विटामिन डी की कमी से मांसपेशियों में कमजोरी हो सकती है, इसलिए जरूरी है कि आप शरीर में इस कमी को पूरा करें और सही मात्रा में विटामिन डी लें। विटामिन डी शरीर में कैल्शियम को बनाये रखता है, जो कि मांसपेशियों को स्वस्थ रखने के लिए बेहद जरूरी है।

विटामिन डी की मात्रा को पूरा करने के लिए कुछ समय तक सूरज के सामने बैठे। बस आपको सुबह जल्दी उठना है और 15 से 20 मिनट के लिए सूरज के सामने बैठना है। इस बात का ध्यान रखें कि आपको तेज धूप में नहीं जाना।

दूध में बहुत ज्यादा पोषण होता है। इसमें विटामिन की मात्रा भी अधिक होती है, जो कि मांसपेशियों के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। दूध पीने से मांसपेशियों की कमजोरी दूर करने में मदद मिलती है। दूध कैल्शियम से भरपूर होता है जो कमजोर मांसपेशियों को मजबूती देने में मदद करता है। दूध पीने से आपका शरीर हाइड्रेट भी रहता है।

रोजाना एक से दो ग्लास दूध जरूर पियें। इसके अलावा, एक कप दूध को गर्म कर लें और फिर उसमें एक बड़ा चम्मच शहद और एक बड़ी चम्मच मुलेठी का पाउडर मिला लें। इस उपाय को अच्छे से मिला लें और फिर मिश्रण को पी जाएं। कम से कम पूरे दिन में दो बार इस मिश्रण को जरूर पियें।

मांसपेशियों में कमजोरी का इलाज करने के लिए सही मात्रा में विटामिन और खनिज से समृद्ध आहार खाने बेहद आवश्यक हैं। मांसपेशियों के कार्य और मजबूती को सुधारने के लिए खनिज जैसे आयरन, कैल्शियम, पोटैशियम और मैग्नीशियम अहम भूमिका निभाते हैं। विटामिन की कमी से मांसपेशियों में कमजोरी आ जाती है, इसलिए आपको स्वस्थ व एक अच्छा संतुलित आहार का पालन जरूर करना चाहिए। अपने आहार में सभी प्रकार के विटामिन और खनिज मिलाने से मांसपेशियों की कमजोरी कम करने में मदद मिलेगी। कुछ आहार जो विटामिन या खनिज से समृद्ध होते हैं जैसे दूध, अंडे, मछली, बीन्स, साबुत अनाज, एवोकाडो और पालक। अगर आप विटामिन या खनिज के सप्लीमेंट्स लेना चाहते हैं तो पहले अपने डॉक्टर से बात कर लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *