अभी भी धोनी के नाम है क्रिकेट के ये 5 रेकॉर्ड

महेंद्र सिंह धोनी ने 16 साल लंबे अपने अंतरराष्ट्रीय करियर को 15 अगस्त को विराम दे दिया। उन्होंने 23 दिसंबर 2004 को खेला था। और आखिरी मुकाबला उन्होंने 9-10 जुलाई 2019 को खेला। उसके बाद से धोनी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर थे। वह 19 सितंबर से यूएई में शुरू होने वाले आईपीएल के लिए चेन्नै सुपर किंग्स के कैंप के लिए चेन्नै पहुंचे हैं। धोनी ने भारत के लिए कई रेकॉर्ड बनाए। उनके नाम पांच ऐसे रेकॉर्ड हैं जिनके साथ वह रिटायर हुए हैं।

कप्तान के रूप में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैच:

महेंद्र सिंह धोनी ने कप्तान के रूप में 332 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसमें 200 वनडे इंटरनैशनल, 60 टेस्ट और 72 टी-20 इंटरनैशनल मैच खेले। यह एक वर्ल़्ड रेकॉर्ड है। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के रिकी पॉन्टिंग का नंबर आता है जिन्होंने 324 मैच खेले हैं। धोनी इकलौते कप्तान हैं जिन्होंने हर प्रारूप में 50 से ज्यादा मुकाबलों में टीम की कप्तानी की है।

वनडे में सबसे ज्यादा फाइनल खेलने वाले कप्तान:

धोनी ने 6 मल्टीनैशनल वनडे टूर्नमेंट्स के फाइनल में टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इसमें से चार भारत ने जीते हैं। वह मल्टीनैशनल टूर्नमेंट में सबसे ज्यादा फाइनल खेलने वाले कप्तान हैं। कुल मिलाकर धोनी ने 200 में से 110 मैच जीते। पॉन्टिंग (165) के बाद वह दूसरे नंबर (110) पर हैं।

तीनों आईसीसी ट्रोफी जीतने वाले इकलौते कप्तान:

महेंद्र सिंह धोनी ने वर्ल्ड टी-20 2007 कप में भारत को चैंपियन बनाया। इसके बाद साल 2011 वर्ल्ड कप में भारत को 28 साल बाद 50 ओवर में भारत को जीत दिलाई। इसके बाद 2013 में उन्होंने चैंपियंस ट्रोफी में भारत को विजय दिलाई। वह तीनों आईसीसी टूर्नमेंट जीतने वाले इकलौते कप्तान बने।

वनडे मे सबसे ज्यादा बार नॉट आउट रहने वाले बल्लेबाज:

महेंद्र सिंह धोनी 84 बार वनडे इंटरनैशनल मैच में नॉट आउट रहे। इसके बाद दूसरे नंबर शॉन पॉलक 72 बार नॉट आउट रहे हैं। 84 बार जब धोनी नॉट आउट रहे उसमें से 51 बार भारत रनों का पीछा कर रहा था और इसमें से भारत 47 बार जीता और दो मैच भारत हारा और दो टाई रहे।

इंटरनैशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टंपिंग:

महेंद्र सिंह धोनी के नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा स्टपिंग का रेकॉर्ड है। धोनी ने 123 स्टंप किए हैं। 100 से ज्यादा स्टंप करने वाले वह इकलौते खिलाड़ी हैं। सबसे ज्यादा शिकार की बात करें वह साउथ अफ्रीका के मार्क बाउचर और ऑस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट के पीछे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *