दिल्ली-NCR में 70 सालों में पहली बार ऐसा मौसम
चक्रवाती तूफान ताउते अब भले कमजोर पड़ गया हो, लेकिन राजधानी दिल्ली पर इसका असर अभी भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली और एनसीआर में दो दिनों से लगातार रिमझिम बारिश जारी है। दिल्ली में मई महीने में एक दिन में अब तक की सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई जब बुधवार को बारिश 60 मिमी के रेकॉर्ड को पार कर गई। बारिश रुक-रुककर अभी भी जारी है। 70 सालों में पहली बार मई में इतना ठंडा दिन बुधवार को अधिकतम तापमान महज 23.8 डिग्री पर सिमट गया। यह सामान्य से 16 डिग्री कम है। अधिकतम ही नहीं, बल्कि न्यूनतम तापमान भी सिमटकर 21.4 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 5 डिग्री कम है। इस वजह से राजधानी ने मई में तापमान का नया रेकॉर्ड बना दिया है। 70 साल में मई में राजधानी का तापमान इतनी नीचे नहीं गया है।
आज हल्की हो जाएगी बारिश मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को बारिश हल्की हो जाएगी। इसकी वजह से अधिकतम तापमान एक बार फिर 30 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। बुधवार को रात आठ बजे तक बारिश जारी थी। मौसम विभाग के अनुसार, 1951 से अब तक यह मई का सबसे ठंडा दिन है। 1951 के पहले के डेटा पुणे आईएमडी के पास हैं। इससे पहले 13 मई 1982 को अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री दर्ज हुआ था। बिहार में भी ताउते का असर चक्रवाती तूफान ताउते का हल्का असर बिहार में भी दिखा है। गुरुवार की सुबह से ही राजधानी पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है। इस बारिश से लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली है। दरअसल पिछले कुछ दिन सुबह 10 बजे तक ही पटना का तापमान 32 डिग्री को पार कर जा रहा था और इससे लोगों को भयंकर गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन आज की बारिश से लोगों को काफी राहत मिल गई है।